पीडीडीयू नगर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल पूरी तरह तैयार है। तीसरी लहर में बच्चों के अधिक प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोको मंडलीय अस्पताल में बच्चों के अच्छे इलाज के लिए पांच पीडियाट्रिक आईसीयू बेड तैयार किए गए हैं। इसके अलावा बच्चों के इलाज के लिए समर्पित 15 बेड का सामान्य पीडियाट्रिक वार्ड भी तैयार किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल (डीडीयू मंडल) रेल कर्मियों और उनके परिजनों को उत्तम चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करा रहा है। सीएमएस आरके मिश्र के नेतृत्व में लोको मंडलीय चिकित्सालय पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वरीय मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. सीएस झा के अनुसार विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों के भी अधिक प्रभावित होने की आशंका जताई है। इस पर गंभीरता से कार्य करते हुए मंडल रेल चिकित्सालय में कोरोना प्रभावित बच्चों के इलाज के लिए बाल चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सुदृढ़ तैयारी की गई है। इसी क्रम में बच्चों के इलाज के लिए पांच पीडियाट्रिक आईसीयू बेड उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही बच्चों के इलाज के लिए 15 बेड का सामान्य पीडियाट्रिक वार्ड भी तैयार किया गया है। कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए मंडल रेल चिकित्सालय में अलग से पेडियाट्रिक फीवर क्लीनिक खोलने की भी तैयारी है।