नईबाजार। सकलडीहा सघन तिराहा के समीप ट्रक के धक्के से आटो सवार दो युवकों की मौत के बाद उनके गांव डिग्गी में शोक में चूल्हे नहीं जले। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके गांव में पहुंचे। यहां गम के माहौल में दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
क्षेत्र के डिग्घी गांव निवासी दीपक गुप्ता (25) पुत्र बाल किशुन और आजाद अली (22) पुत्र मुर्तजा अली विक्रम चलाकर जीविकोपार्जन करते थे। दोनों गुरुवार को विक्रम पर सवारी लादकर कमालपुर गए थे और देर शाम सात बजे वापस लौट रहे थे। तभी सकलडीहा सघन तिराहा से कुछ पहले रामलाल यादव के घर के पास ट्रक से टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई। गैस कटर से विक्रम को काटकर दोनों शवों को निकाला गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों का शव सकलडीहा ब्लाक के डिग्घी गांव में पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार वालों की चीत्कार से पूरा गांव दहल गया। बालकिशन गुप्ता का दो बेटों में बड़ा दीपक ही पूरे परिवार का भरण पोषण करता था। एक वर्ष पहले ही उसकी शादी सुषमा के साथ हुई थी। सुषमा गर्भवती है और उसे विश्वास ही नहीं हो रहा है कि इतनी जल्दी उसका पति उसका साथ छोड़ दिया है। इसी गांव में दूसरे छोर पर रहने वाले मुर्तजा अली के तीन बेटों में दूसरे नंबर का बेटा आजाद की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। आजाद की पत्नी मुन्नी बार बार पति के जिंदा होने की अल्लाह से दुआ मांग रही थी और अचेत हो जा रही है वहीं एक वर्ष की बेटी जोया को तो एहसास भी नहीं था कि उसके अब्बा उसे हमेशा के लिए छोड़ कर इस दुनिया से विदा हो गए। देर शाम दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।