मुगलसराय। गर्मियों में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए नगर पालिका की ओर से लाखों रुपये की लागत से नगर में विभिन्न स्थानों पर 24 वाटर कूलर लगाए गए हैं। पालिका की ओर से उनका रखरखाव ठीक ढंग से नहीं होने के चलते अधिकतर वाटर कूलर खराब पड़े है। कई वाटर कूलरों के पास गंदगी फैली है। इससे संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका है।
नगर पालिका की ओर से गर्मियों में लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े इसके लिए 19.20 लाख रुपये की लागत से 24 वाटर कूलर लगाए गए हैं। वर्ष 2012 मेें पांच वाटर लगाए गए थे। जबकि वर्ष 2015 में 19 वाटर कूलर लगाए गए । पालिका की ओर से ठीक ढंग से रख-रखाव नहीं होने के कारण अधिकतर वाटर कूलर खराब पड़े हैं। कइयों के नल गायब हो चुके हैं तो कई स्थानों पर पानी की टंकी टूटी हुई है।तीन कूलर जो ठीक हालत में है वहां इतनी गंदगी है कि लोग पानी के लिए जाते ही नहीं है। नगरवासी अंजय, अकरम, रेहान, अशोक, विशाल का कहना रहा कि गर्मियां आ चुकी है बावजूद इसके अभी तक वाटर कूलरों की मरम्मत भी शुुरू नहीं हो सकी है। नगर पालिका जलकल विभाग के जेई सुधीर कुमार वर्मा ने बताया कि वाटर कूलरों को सही कराया जा रहा है। कहा कि नगर में लगे सभी वाटर कूलर तीन दिन में ठीक करा दिए जाएंगे।
वाटर कूलर की ,खबर में कोट
गर्मी शुरू हो गई है, यात्रियों और राहगीरों को पेयजल का संकट न हो इसके लिए नगर में लगे वाटर कूलरों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही साफ-सफाई करने के लिए अधिकारियों को कहा गया है। इसे एक सप्ताह में दुरुस्त करा दिया जाएगा। रोली गुप्ता, अधिशासी अधिकारी।