कंदवा। क्षेत्र के कम्हरिया गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बीते दिनों चंदौली में हुए मण्डलीय परिषदीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष रमेश राय ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
तीन जनवरी को जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल कालेज में मण्डलीय परिषदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कम्हरिया की छात्रा महिमा यादव व पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिपरदहा के प्रमोद कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष रमेश राय ने दौड़ में सफल प्रतिभागी को मेडल व ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष रमेश राय ने कहा कि खेल हमारे जीवन में आक्सीजन जितना ही महत्वपूर्ण है। खेल को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए । खेल मनोरंजन के साथ साथ मस्तिष्क को तनाव रहित बनाने में मदद करता है । कहा कि बच्चों ने गुरुजनों के बताए रास्ते पर चलकर ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम जनपद में रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतेन्द्र सिंह ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर ओम प्रकाश सिंह , डाक्टर संजय सिंह , डाक्टर जयकुमार सिंह ,अरविन्द सिंह , अनूप सिंह , अमित सिंह , अजय भारती , नूतन सिंह , साधना , रचना सिंह , अमित सिंह , शशिकान्त आदि लोग मौजूद रहे। संचालन सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने किया।