मुगलसराय । नगर पालिका पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर के पहले चेयरमैन संतोष खरवार ने सोमवार कार्यालय पहुंचकर रजिस्टर में हस्ताक्षर के बाद पदभार ग्रहण किया । इसके बाद वहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्वच्छता अभियान को तेज कर नगर को साफ सुथरा रखने की बात कही।
चेयरमैन संतोष खरवार सोमवार को बाइक पर बैठक सभासदों एवं समर्थकों से साथ नगर पालिका पहुंचे और अपने कार्यालय में लोगों का अभिनंदन किया। इसके बाद जेई दिनेश सिंह ने रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाया। इसी के साथ औपचारिक रूप से नये चेयर मैन ने पदभार ग्रहण किया। इसके बाद वहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने नगर में विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। पत्रकारों से कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत नगर को साफ सुथरा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा ताकि शहर में कहीं भी कूड़ा नजर न आए । वहीं कूड़ा डंप किए जाने के सवाल कर कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जमीन उपलब्ध कराकर कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी । स्वकर खत्म किए जाने के प्रश्न पर जवाब देते हुए कहा कि पिछले पालिका बोर्ड में स्वकर पास कर लागू किया गया था, इसलिए इसके कानूनी पक्ष को समझने के बाद स्वकर को समाप्त कराया जाएगा। नगर में कांजी हाउस नहीं होने के चलते आवारा पशुओं के विषय पर बताया कि नगर में एक कांजी हाउस की व्यवस्था की जाएगी ताकि आवारा पशुओं को वहां रखा जा सके । कहा कि नगर के विकास के लिए जो भी बेहतर होगा वह कार्य सभी सभासदों को एक साथ लेकर किए जांएगे । कहा कि जब केन्द्र से लेकर प्रदेश तक भाजपा की सरकार है और विधायक भी पार्टी से हैं तो ऐसे में विकास और जनहित के कार्य करना उनकी जिम्मेदारी है। इसके उन्होंने कर्मचारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया । इस दौरान सुनील विश्वकर्मा, महेन्द्र पटेल, भानू तिवारी, श्रवण यादव, संजय अग्रवाल, अशोक सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।