मुगलसराय। बिहार के बक्सर से शनिवार को अपहृत आठवीं कक्षा का छात्र रविवार को मुगलसराय में मिला। बदमाशों के चंगुल से बचकर छात्र रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। यहां आरपीएफ ने उसे पकड़ कर पूछताछ की और परिवार वालों को सूचित किया। इसके बाद छात्र को सीडब्ल्यू सीडब्ल्यूसी के हवाले कर दिया। दोपहर बाद आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद उसे परिवार वालों के हवाले कर दिया गया।
बिहार के बक्सर जिले के सेमरी थाना अंतर्गत चकेरी गांव निवासी राजेन्द्र सिंह का पुत्र राकेश (12) सनबीम स्कूल बक्सर में आठवीं कक्षा का छात्र है। राकेश शनिवार को दोपहर में परीक्षा के बाद स्कूल से घर लौट रहा था। आरोप है रास्ते में कार सवार लोगों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। मुंह पर रुमाल रखते ही वह बेहोश हो गया। रविवार की भोर में उसकी आंख खुली तो उसकी टाई से उसके हाथ पैर बंधे थे। उसने खाना मांगा तो एक अपहरण कर्ता कार से उतर कर खाना लाने चला गया जबकि दूसरा चालक की सीट पर बैठा रहा। भोर में चार बजे मौका देख कर छात्र राकेश कार से उतर कर भाग निकला। रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी के नीचे से भाग कर वह स्टेशन पर पहुंचा। यहां आरपीएफ कर्मियों ने हाथ बंधा देख उसे पकड़ लिया और एसआई जीएस राणा ने पूछताछ की तो अपहरण की बात सामने आ गई। एसआई ने पूरी तरह उसे आश्वस्त किया और उसके पिता का फोन नंबर मांगा। आरपीएफ वेस्ट पोस्ट प्रभारी निरीक्षक वेंकटेश कुमार ने बताया कि राकेेश स्कूली ड्रेस में था और उसकी टाई से हाथ बांधा गया था। फोन नंबर के आधार पर इसकी सूचना उसके पिता को दी। लिखा पढ़ी के बाद छात्र को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के हवाले कर दिया। सूचना पर दोपहर बाद राकेश के पिता राजेन्द्र पहुंचे। यहां आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद राकेश को उनके हवाले कर दिया गया।