नियामताबाद। बारिश की वजह बिलारीडीह बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति लाइन में गड़बड़ी आ गई। इससे इस उपकेंद्र पर आधारित तीस ग्राम पंचायत ( 50 गांवों ) की बिजली आपूर्ति सोमवार की शाम तीन बजे से ठप हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से जहां जलनिगम से पानी आपूर्ति बंद हो गई। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है। बिजली विभाग की माने तो खामी दूर की जा रही है और जल्द ही बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
बारिश के साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने लगी है। सोमवार को दोपहर में दो घंटे तक हुई तेज बारिश की वजह से बिलारीडीह उपकेंद्र तक आने वाली आपूर्ति लाइन में गड़बड़ी आ गई है। इससे इस उपकेंद्र पर आधारित इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस उपकेंद्र पर मिल्कीपुर, अलीनगर और पांडेयपुर तीन फीडर हैं। इन पर कुल तीस ग्राम पंचायतों में बिजली आपूर्ति होती है। बिजली आपूर्ति बंद होने से नियामताबाद गांव में स्थित जल निगम की पानी टंकी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मशीन न चलने से पानी आपूर्ति बंद हो गई। इससे नियामताबाद के साथ सरने, लाखापुर, रामपुर, मड़ई पर, सिरसी, पांडेयपुर आदि गांवों में पानी आपूर्ति होती है। पानी आपूर्ति न होने से लोगों को हैंडपंप और कुंओं का सहारा लेना पड़ा। वहीं मानसून में विषैले जीव जंतुओं का भी भय हो गया है। ऐसे में रात में अंधेरा होने की वजह से दिक्कत हो रही है। इस संबंध में एसडीओ श्याम लाल ने बताया कि आपूर्ति लाइन में गड़बड़ी की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसको ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति शुरू हो जाएगी।