मुगलसराय। बंगलुरू से दानापुर जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस के पांच कोचों में पानी नहीं होने से नाराज यात्रियों ने प्लेटफार्म पर जमकर हंगामा किया। बाद में पानी भरे जाने के बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ और ट्रेन गंतव्य को रवाना हुई। ट्रेन अपने निर्धारित समय से दस मिनट पहले ही मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। मंडल रेल प्रबंधक किशोर कुमार ने बताया कि किसी भी यात्री की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांचकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
संघमित्रा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-2 से एस-6 तक कोचों में सवार यात्रियों का आरोप रहा कि ट्रेन के किसी भी कोच में पानी नहीं है। रात में शौचालय का प्रयोग करने में दिक्कतें हुईं। ट्रेन विलंबित होने के बाद भी मुगलसराय सुबह करीब पांच बजे मुगलसराय के प्लेटफार्म नंबर दो पहुंची तो उन्होंने कोचों में पानी न होने की शिकायत रेलकर्मियों से की। जब उन्होंने यात्रियों की शिकायत को अनुसना कर दिया तो यात्रियों ने प्लेटफार्म पर हंगामा करना शुरू कर दिया। यात्रियों के हंगामे को देखते हुए अधिकारियों ने कोचों में पानी भरवाया तब जाकर यात्री शांत हुए। करीब बीस मिनट बाद ट्रेन सही समय से अपने गंतव्य को रवाना हुई।