गैस कनेक्शन धारकों के साथ सांसद डा.महेंद्र नाथ पांडेय।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना ‘उज्ज्वला’ का जिले में सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने रविवार को शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नगर के मंगलम वाटिका में आयोजित समारोह में चौदह गरीब परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिया। इसके बाद केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि केन्द्र सरकार गरीबों के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है।
इस अवसर पर पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की सुविधा के लिए गोरखपुर में बन्द पड़े खाद के कारखाने को अनुदान देकर चालू कराने की पहल की है। जल्द ही पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश में खाद की किल्लत दूर हो जाएगी। एक अप्रैल से उज्ज्वला योजना अस्तित्व में आई है। इसके तहत एपीएल व बीपीएल परिवारों को चिह्नित करके योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। इस योजना के अमल में आने से पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही महिलाओं को खाना बनाते समय धुएं से निजात मिलेगी।
इंडियन आयल के क्षेत्रीय अधिकारी अमितेष झा ने उज्ज्वला योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस योजना का लाभ पाने के लिए गरीबों को कोई भी पैसा देने की आवश्यकता नहीं है। इस मौके पर प्रमोद तिवारी, सूर्यमुनि तिवारी, अभिमन्यु सिंह, अनिल तिवारी सिकरी, रमेश राय, दर्शना सिंह, जितेंद्र पांडेय, शिवराज सिंह, रामवन्ती, कमलावती, किरण देवी आदि उपस्थित रहीं। अध्यक्षता सर्वेश कुशवाहा व संचालन बनवारी पांडेय ने किया।