चंदौली। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के सरकार का दावा प्रायोगिक परीक्षा में ही असफल दिख रहा है। कई विद्यालयों में प्रयोगशाला नहीं होने के बाद भी प्रायोगिक परीक्षाएं संपन्न कराई जा रही हैं। वहीं विभाग का दावा है विद्यालयों की मनमानी की सूचना के बाद जांच को कई टीम भी गठित कर दी गई। जिन विद्यालयों में नियम की अनदेखी कर परीक्षाएं होती पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में 226 हाई स्कूल व इंटर कालेज हैं। इन विद्यालयों में दूसरे चरण की परीक्षा के दौरान प्रायोगिक परीक्षा कराई जा रहा है। यह परीक्षा 13 जनवरी तक होगी। मुख्यालय के महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में 236, राष्ट्रीय इंटर कालेज सैयदराजा 371, अशोक इंटर कालेज बबुरी146, राजकीय इंटर कालेज नौगढ़ 373 सहित कई विद्यालयों में पहुुंच कर सोमवार को प्रायोगिक परीक्षा दी। वहीं कई विद्यालयों प्रायोगिक की परीक्षा समाप्त हो गई। कई ऐसे भी विद्यालय हैं जो दूसरे विद्यालयों से फार्म भरवाते हैं और प्रायोगिक परीक्षा अपने यहां करा लेते हैं । इसके बाद वे उत्तर पुस्तिका जिस केंद्र से अटैच हैं वहां पहुंचा देते हैं।
कोट---
विद्यालयों की मनमानी की सूचना मिली है। इसके बाद जांच टीम गठित कर दी गई। जिन विद्यालयों में नियम की अनदेखी कर परीक्षाएं होती मिली, उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
डा. विनोद राय, जिला विद्यालय निरीक्षक।