चकिया। अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने जिलामंत्री लालचंद सिंह के नेतृत्व में नगर में स्थित विभिन्न सहकारी समितियों का दौरा किया तथा समितियों पर खाद, बीज उपलब्ध न होने पर एसडीएम दीप्तिदेव यादव को ज्ञापन देकर समितियों पर खाद तथा गेहूं के बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
अखिल भारतीय किसान सभा के नेताओं ने किसान सेवा सहकारी समिति चकिया, पीसीएफ केंद्र चकिया का दौरा किया। दोनों समितियों पर डीएपी, एनपीके तथा यूरिया खाद उपलब्ध नही था। यहां तक कि इन दोनों केंद्रों पर हर वर्ष धान की खरीद के लिए केंद्र स्थापित किया जाता था लेकिन इस बार इन समितियों पर क्रय केंद्र भी नही बडनाया गया। नेताओं ने कृभको केंद्र का भी दौरा किया, केंद्र पर मात्र 66 बोरी डीएपी उपलब्ध है। इसे लेने के लिए किसानों की लाइन लगी हुई थी। इन नेताओं ने खाद, बीज उपलब्ध न होने पर आक्रोश जताते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में दोनों सहकारी समितियों पर धान क्रय केंद्र खोलने तथा चकिया क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों पर डीएपी एवं गेहूं के बीज उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालो में रामअचल यादव, नागेन्द्र यादव, बजरंगी चौहान, भृगुनाथ, परमानंद मौर्या, गुलाब, नरोत्तम, सिपाही मौजूद रहे।