मुगलसराय। जनपद के ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को जलनिगम ने शासन को तीन नई पेयजल योजनाओं का प्रस्ताव भेजा है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाने वाली योजनाओं के लिए शासन से धन उपलब्ध होते ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण हो जाने के बाद धानापुर व चहनिया ब्लाक के कई गांवों के ग्रामीणों को शुद्ध व स्वच्छ पेयजल मिलने लगेगा।
शासन को संस्तुति के लिए भेजी जाने वाली नई योजनाओं में भदाहूं, महुअरकला व धनऊर शामिल हैं। इनमें भदाहूं में लगभग दो करोड़ 54 लाख 39 हजार, महुअरकला की तीन करोड़ 20 लाख 15 हजार व धनऊर की दो करोड़ 87 लाख छह हजार रुपये पेय जल योजना के लिए खर्च होने हैं। योजना के तहत मिनी टयूबवेल, पानी की टंकी व पाइप लाइन का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा इसी धन से इन योजनाओं के पांच वर्षों तक रख- रखाव भी किया जाएगा।
जिले में पेयजल की समस्या का दूर करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। वहां से स्वीकृति मिलते ही ग्रामीणों इलाकों में काम शुरू करा दिया जाएगा। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल के लिए भटकना न पड़े। एके शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल निगम