मुगलसराय । सोमवार को साप्ताहिक बंदी पर नगर की दुकानें बंद रखने के विषय पर मुगलसराय व्यवसायिक संगठन की बैठक गल्ला मंडी स्थित कैंप कार्यालय में हुुई। इस दौरान संगठन के व्यापारियों ने श्रम अधिकारी से फोन पर वार्ता कर अवगत कराया कि जिस भी व्यापारी द्वारा दुकान बंद नहीं की जाती है तो उसका चालान किया जाये।
बैठक में संगठन के संरक्षक रामानसारायण जायसवाल ने कहा कि सोमवार को होने वाली साप्ताहिक बंदी को सफल बनाने के लिए समस्त थोक एवं फुटकर दुकानदारों को सामने आना होगा। सोमवार को दुकानें बंद रखने से सभी व्यापारियों को अपने शेष कार्य करवाने का मौका मिलेगा। कहा कि हर दिन कारोबार के चक्कर में कई बार व्यापारी अपने निजी कार्यों को नहीं कर पाते हैं लेकिन एक दिन दुकान बंद कर अपने कार्यों को निपटा पाना संभव हो सकेगा। व्यवसायी गोपाल जायसवाल ने कहा कि इस बंदी को सफल बनाने के लिए हर व्यापारी को एक मत होना पड़ेगा। ताकि नगर फुटकर और थोक की दुकानें पूर्णतया बंद हो सकें। इस दौरान राहुल जायसवाल, रतन केशरी, बब्लु जायसवाल, राजजनम केशरी, मनोज जायसवाल, संदीप गुप्ता, विशाल जायसवाल, प्रिंस अग्रहरी, प्रकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे ।