चंदौली। सरकारी राजस्व जमा नहीं करने वाले ईंट भट्ठों पर जिला प्रशासन का फंदा कसता जा रहा है। गुरुवार को तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने सैयदराजा क्षेत्र के एक दर्जन ईंट भट्ठों पर छापेमारी की इस दौरान साढ़े बारह लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। इस कार्रवाई से बकाएदारों में हड़कंप की स्थिति रही।
तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र में संचालित 63 ईंट भट्ठा संचालकों ने वर्ष 2016-17 का राजस्व जमा नहीं किया है। प्रत्येक भट्ठा मालिकों पर एक लाख रुपये से अधिक का बकाया है। इन बकाएदारों के खिलाफ सख्ती करने संबंधी शासन का निर्देश प्राप्त हो चुका है। साथ ही अपर जिलाधिकारी स्तर से भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है जो लगातार जारी रहेगी। बताया कि गुरुवार को साढ़े बारह लाख रुपये कर राजस्व की वसूली की गई।