मुगलसराय। कूड़ा बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के बाहर से बुधवार को बीए तृतीय वर्ष की छात्रा की साइकल चोरी होने से नाराज छात्रों ने हंगामा किया । छात्रों का गुस्सा उस वक्त और अधिक बढ़ गया जब उन्हें यह जानकारी हुई कालेज परिसर व बाहर में लगे सीसी कैमरे खराब हैं। इस पर छात्रों ने कालेज में लगे आधार दर्जन सीसी कैमरे तोड़ दिए। बाद में छात्रों ने कालेज में व्याप्त दुर्व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए छात्र-छात्राओं के साइकल व मोटसाइकिलों की सुरक्षा किए जाने की मांग।
एलबीएस पीजी कालेज परिसर में जगह न होने के चलते छात्र- छात्रों द्वारा साइकिल और मोटरसाइकिल कालेज के बाहर बाजार में खड़ी की जाती है। जिसके चलते आए दिन चोर साइकिल चोरी कर ले जाते हैं। इसको लेकर कई बार छात्र नेता इसकी शिकायत प्रबंधक व प्राचार्य से कर चुके हैं। जिसके बाद कालेज के बाहर व भीतर सीसी कैमरे लगा दिए गए थे। बुधवार को बीए तृतीय वर्ष की छात्रा गरिमा पांडेय जब कालेज से बाहर निकली तो अपनी साइकल गायब देख वह हैरान रह गई। इसके बाद उसने इसकी शिकायत छात्र नेताओं से की । छात्र नेताओं ने साइकिल चोरी की घटनाओं से प्राचार्य को अवगत कराते हुए सीसी कैमरे की फुटेज देखने की मांग की। लेकिन जब पता चला कि कैमरे खराब हैं तो छात्र नाराज हो गए और आधा दर्जन सीसी कैमरे तोड़ दिया। बताया कि मंगलवार को सुनिता नामक छात्रा की साइकल गायब हुई है। इसके पूर्व भी महाविद्यालय के बाहर से पहले भी कई साइकलें चोरी हो चुकी हैं। नाराज छात्रों ने कालेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेताया कि छात्र-छात्राओं के वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए अन्यथा छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में सुदर्शन यादव, अमित श्रीवास्तव, आशीष तिवारी, चक्रधारी प्रजापति, कृष्णा सिंह, गुंजन यादव, राजू यादव, वीरेन्द्र , अफरोज आलम शामिल रहे।