चकिया। कोतवाली क्षेत्र के चकिया-नौगढ़ मार्ग पर सोमवार की दोपहर सीआपीएफ की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में सीआपीएफ 148वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर होने पर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। बस में पांच जवान सवार थे। जबकि दो जवानों को प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया।
साहूपुरी स्थित 148वीं बटालियन में तैनात सीआरपीएफ के जवानों की शिफ्टवाइज ड्यूटी नक्सल क्षेत्र में लगती है। सोमवार को नौगढ़, भैसौड़ा और चंद्रप्रभा से ड्यूटी कर चंदौली के लिए वापस लौट रहे थे। जलेबिया मोड़ के पास जैसे ही बस पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इसमें सीआरपीएफ के जवान संजीव कुमार (42), विजय कुमार (38) और सूर्य पूजन तिवारी (34) घायल हो गए। संयोग अच्छा रहा कि बस पहाड़ी के नीचे खाईं में नहीं गिरी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल जवानों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया। जहाँ हालत गंभीर होने पर विजय कुमार को बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।