पीडीडीयू नगर। नगर में लगने वाली जाम की समस्या कम होने के बजाए बढ़ती जा रही है। पुलिस व यातायात विभाग के कर्मियों के ड्यूटी पर होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। सोमवार को बाजार में दुकानें बंद रही लेकिन सोमवारी बाजार के कारण जीटी रोड पर पैदल चलना दुश्वार था। जीटी रोड से लेकर पटरियों तक आटो खड़ा होने और इसी में होली पर्व पर लगे सोमवारी बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़ भी जाम की वजह बनी।
नगर में एक भी स्थाई वाहन स्टैंड न होने के कारण पूरा बाजार स्टैंड बनकर रह गया है। सोमवार को जीटीआर ब्रिज से लेकर नई सट्टी तक पूरे दिन वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में घंटों स्कूली वाहन व एंबुलेंस भी फंसे रहे। यातायात विभाग के कर्मचारी पूरे दिन जाम छुड़ाने के लिए पसीना बहाते रहे पर उन्हें सफलता नहीं मिली। नगर में जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर पर राममंदिर से आने वाली सड़क, गल्ला मंडी, रेलवे स्टेशन जाने वाले वीआईपी गेट, परमार कटरा, नई सट्टी सहित कुछ अन्य स्थानों पर जहां संपर्क मार्ग जीटी रोड से मिलते हैं वहां वाहनों की अधिकता जाम का प्रमुख कारण बनी। इसके अलावा सवारी ढ़ोने वाले वाहनों के चालकों की जीटी रोड पर ही सवारी उतारने व चढ़ाने की हठ से भी समस्या बनी रही। वहीं सोमवारी बाजार के कारण जीटी रोड की दक्षिणी पटरी पर लगी दुकानें व उनपर ग्राहकों की भीड़ जाम लगाने में सहायक रहीं। जाम के कारण कई छोटी दुर्घटनाएं भी हुईं।
टीएसआई पंकज पांडेय ने बताया कि यातायात व्यवस्था पर नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन का नियम लागू किया गया है। इसके लिए भारी वाहनों के चकिया तिराहे से नगर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। उन्हें पड़ाव के रास्ते भेजा जा रहा है। होलिका तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।