सैयदराजा। स्थानीय थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित रेलवे ट्रैक के किनारे गुरुवार को शौच के लिए गए एक युवक की पानी भरे गड्ढ़े में डूब जाने से मौत हो गई। वह भतीजा रोड पर मूंगफली बेचता था। परिजनों के अनुसार उसे मिर्गी का दौरा भी आता था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का दाह संस्कार कर दिया है।
वार्ड नंबर दो, शास्त्री नगर निवासी संतोष केशरी (37) सुबह सात बजे के करीब शौच के लिए रेलवे लाइन के बगल में बंद पड़े भट्ठे में गया था। गड्ढ़े के पास से गुजरते समय वह असंतुलित होकर उसमें गिर गया। गड्ढ़े में पानी भरा होने से उसकी डूबकर मौत हो गई। उसके परिजनों व पड़ोसियों का कहना है कि संभवत: मिर्गी का दौरा पड़ने से वह पानी भरे गड्ढ़े में गिर गया होगा। मृतक के छोटे भाई ने उसे पहचाना और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजन विलाप करने लगे। संतोष की पत्नी व दो पुत्री पूजा केशरी (17) व पूनम केशरी (10) और पुत्र प्रिंस (13) केशरी है।