चकिया। नगर में स्थित किसान सेवा सहकारी समिति पर स्थापित क्रय केंद्र में किसानों से प्रति क्विंटल चार किलोग्राम अधिक लेने की सूचना पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष विरेन्द्र पाल के नेतृत्व में क्रय केंद्र पर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया और क्रय केंद्र प्रभारी को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के तहत ही धान खरीदने के निर्देश दिए।
हंगामा करने वाले किसानों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत किया कि बोरे की तौल के बराबर एक किलोग्राम तथा तीन किलोग्राम प्रति क्विंटल धान किसानों से अधिक लिया जा रहा है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्रय केन्द्र पर 50 क्विंटल धान भी प्रतिदिन नही खरीदा जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में धान की खरीद धीमी गति से चल रही है तथा बेलावर एवं इलिया क्रय केंद्रों पर ताला लटक रहा है। इस पर एसडीएम ने क्रय केन्द्र प्रभारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। हंगामा के दौरान रिंकू मेहता, जोखन, अशोक, कन्हैया, प्रभुनारायण, शिवलोचन, रामकृत मौजूद रहे।