पीडीडीयू नगर। विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलीनगर स्थित पावर हाउस में सोमवार को कैश काउंटर का शुभारंभ किया जाएगा। इससे अलीनगर व आसपास के क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब बिजली का बिल जमा करने व बिजली संबंधित अन्य समस्याओं के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। यह जानकारी नई बस्ती स्थित विद्युत वितरण उपखंड के अधिशासी अधिकारी प्रवीन कुमार सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि अलीनगर में आलू मिल के पास पावर हाउस बनाया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने वाली लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हो गया है। इसके अलावा विद्युत लाइन में किसी प्रकार की खराबी आने पर शीघ्र ही उसका समाधान हो जा रहा है। बताया कि अभी तक इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली का बिल जमा करने के लिए नई बस्ती या चंदासी स्थित उपकेंद्रों का चक्कर काटना पड़ता था। बिजली का एक बिल जमा करने में मुश्किल से तीन से चार मिनट का समय लगता है जबकि इसमें इन लोगों के घंटो बर्बाद हो जाते थे।