सकलडीहा। गेल कंपनी द्वारा भूमि अधिग्रहण को लेकर 239 दिनों से महगांव में धरना पर बैठे किसानों का धैर्य बुधवार को टूट गया। आक्रोशित किसानों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डा. महेंद्रनाथ का पुतला फूंककर विरोध जताया। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
किसानों ने आरोप लगाया कि गेल कंपनी के अधिकारी एसडीएम और सीओ की मिलीभगत से जबरिया किसानों की भूमि अधिग्रहित करना चाहते हैं। एसडीएम और सीओ ने किसानों को कोरा आश्वासन देकर जबरिया काम शुरू भी करा दिया जबकि किसान पेट्रोलियम मिनरल पाइप लाइन एक्ट 1942 को रद्द कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। इस संदर्भ में कंपनी व तहसील के अधिकारी किसानों से वार्ता कर आश्वासन के बाद भी चुप्पी साधे हुए हैं। किसानों की समस्या का सांसद द्वारा संज्ञान में न लिया जाना भी जाहिर करता है कि केंद्र व प्रदेश सरकार को किसानों के हितों की चिंता नहीं है। चेताया कि शीघ्र किसानों के हक में मांगों को पूरा नही किया गया तो केंद्र और प्रदेश सरकार का पुतला फूंक विरोध जताएंगे। पुतला फूंकने वालों में श्रवण कुशवाहा, विकास मौर्य, कमलेश राम, सोमारू मौर्य, सहदेई, राजेश मौर्य, पवन, संतरा देवी, महदेई, बबलू, विक्रमा यादव, राजेश यादव, बलबीर, रमेश यादव शामिल रहे।