पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश कर्मचारी संघ के सदस्यों की बैठक गुरुवार को नगर स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर हुई। इसमें नई पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन फिर से लागू करने की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। दैनिक, संविदा पर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व शिक्षामित्रों को नियमित कर्मचारी करने की जगह उनके साथ दोहरा व्यवहार किया जा रहा है। मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों को प्रमोशन तो दिया जा रहा है पर कार्य आवंटित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने, वेतन विसंगति समाप्त कर समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने, केंद्र सरकार की तर्ज पर मकान भत्ता दिए जाने और शिक्षा व परिवहन भत्ता भी दिए जाने की मांग की। कहा कि मानदेय प्रथा के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाए जिससे उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इस मौके पर त्रिवेणी प्रसाद, रमाशंकर सिंह यादव, शिवभूषण सिंह, गुलाब, सारनाथ सिंह, अभिनव पांडेय, रोहित, चंद्रमोहन, अनूप आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता राकेश पांडेय ने की।