शहाबगंज। मौसम में हो रहे बदलाव से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने लगी हैं। स्थानीय थाने पर तैनात तीन एसआई समेत छह कांस्टेबल के डायरिया की चपेट में आने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया है। सभी का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया जा रहा है। पुलिसकर्मियों में फैले डायरिया की सूचना पाकर एसपी संतोष कुमार सिंह व सीओ कुंवर प्रताप सिंह ने अस्पताल पहुंच कर पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पुलिसकर्मियों के शाम के खाने के दौरान एसआई शशिकांत सिंह को उल्टी दस्त शुरू हो गई। आनन- फानन में उनको लेकर पुलिस के जवान अस्पताल पहुँचे। यहां उनका इलाज शुरू ही हुआ था कि एसआई बृजेश्वर यादव, एसआई राम इकबाल, कांस्टेबल सुदर्शन यादव, राम अवध यादव, इंद्रमणि, सत्येंद्र विश्वकर्मा, ओमप्रकाश यादव व रमेश यादव को भी उल्टी- दस्त शुरू हो गई। इतने बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों के बीमार पड़ने से थाने पर हड़कंप मच गया। सभी पुलिसकर्मियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. ज्ञान प्रकाश ने सभी का इलाज किया। वहीं डाक्टर ने पुलिसकर्मियों को मौसम को देखते हुए खान- पान पर विशेष ध्यान देने के साथ ही पानी उबाल कर पीने की सलाह दी।