नियामताबाद। विशेष सचिव ग्राम विकास सहदेव ने शुक्रवार की देर शाम विकासखंड के महेवां व नियामताबाद गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण में कोई खामी न मिलने पर विशेष सचिव संतुष्ट दिखे।
विशेष सचिव ग्राम विकास सहदेव देर शाम सबसे पहले विकास खंड के महेवां गांव में अधीनस्थों संग पहुंचे। जहां उन्होंने गांव में आवंटित 99 आवासों के लाभार्थियों में से 30 अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के निर्माणाधीन आवासों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने लाभार्थियों से आवास के बारे जानकारी हासिल किया। इसके बाद उनका काफिला शाम करीब सवा आठ बजे नियामताबाद गांव की दलित बस्ती में पहुंचा। जहां कुल 127 पीएम आवास के लाभार्थियों में से 102 एससी लाभार्थियों के निर्माणाधीन आवासों की जांच पड़ताल की। सभी आवास मानक के अनुरूप पाए गए। उन्होंने लाभार्थी सहादुर, रामबृक्ष, रमेश, सुग्रीव व बेचू से बातचीत कर जानकारी भी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन आदि के बारे में लाभार्थियों से पूछताछ की। दोनों गांव के विकास कार्य संतोषजनक पाए जाने पर ब्लाक कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान जिला विकास अधिकारी पद्मकांत शुक्ला, पीडी ऋषिमुनि उपाध्याय, बीडीओ राजन राय, धनंजय सिंह, लाल अमरेंद्र सिंह, दिग्विजय, डीएन यादव, अनुराग सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रिंकू सरदार आदि मौजूद रहे।