चकिया। नगर पंचायत द्वारा दो वर्ष पूर्व नागरिकों के घरों में स्थित शौचालयों को साफ करने के लिए खरीदी गई स्वीप सेक्शन मशीन कबाड़ के रूप में बदलकर वार्ड नं. 7 मां कालीनगर के एक स्थान पर पड़ी है। इसका कोई पुरसाहाल नही है। मशीन के कबाड़ के रूप में बदलने से नागरिको में आक्रोश व्याप्त है।
नगर पंचायत बोर्ड में पारित प्रस्ताव के आधार पर नागरिकों के घरों का शौचालय साफ करने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने दस लाख रुपये की लागत से स्वीप सेक्शन मशीन की खरीददारी की थी, लेकिन मशीन खरीदे जाने के बाद से आज तक किसी भी घर का शौचालय साफ करने में नही लगाई गई। यही नही मशीन को किसी सुरक्षित स्थान पर न रखकर नगर पंचायत द्वारा मशीन को वार्ड नं. 7 के पानी भरे स्थान पर है। नगर पंचायत के सभासद राममूरत कुशवाहा, गौरव श्रीवास्तव, विजय विश्वकर्मा, नाजरीन बेगम, अनिल सोनकर आदि लोगों ने बताया कि शासन द्वारा धन से खरीदी गई नगर के नागरिकों की शौचालय समस्या के लिए मशीन का उपयोग नगरवासियों से कोसो दूर है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि स्वीप सेक्शन मशीन की ट्राली में खराबी आ जाने के कारण ठप है। ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।