सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के टिमिलपुर गांव स्थित जलनिगम कार्यालय पर तैनात कर्मी की रविवार की देर रात ह्दयाघात से मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों सहित अन्य लोग परिजनों को रोते बिलखते देख मर्माहत हो गए।
जल निगम कार्यालय पर मोटर आपरेटर के रूप में चार कर्मचारियों की अलग अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगती है। रविवार की देर रात आपरेटर महेश यादव (56) की ड्यूटी थी। खाना खाने के बाद मोटर चालू करने के लिए आपरेटर बिजली का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अचानक घबराहट के साथ सीने में तेज दर्द होने पर वे चिल्लाने लगे। उनकी आवाज पर आनन फानन में पहुंचे परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने लगे पर रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद पत्नी कमली देवी, पुत्र सुरेश और गणेश दहाड़े मारकर रोने लगे। सोमवार की सुबह परिजनों ने मृतक के शव का दाह संस्कार कर दिया।