कंदवा। सरकार के तमात प्रयास के बाद भी परिषदीय विद्यालयों के छात्रों के नामांकन में फर्जीवाड़ा कर सरकारी योजनाओं का बंदरबांट जारी है। ऐसा ही एक मामला कंदवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सामने आया है। मामले की जानकारी होने पर गांव के लोगों ने गुरुवार को बरहनी के खंड शिक्षाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच करवाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे छात्र-छात्राओं का नाम दर्ज हैं जो पढ़ते तो अन्यत्र हैं लेकिन प्रवेश पंजिका में उनका नाम दर्ज है। प्रवेश पंजिका में दर्ज इन छात्रों के अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चे प्राथमिक विद्यालय कंदवा में नहीं पढ़ते हैं और न ही उन्हें इसकी जानकारी है। बताया कि प्राथमिक विद्यालय पर कुल 111 छात्र नामांकित हैं। इनमें 60 छात्र व 51 छात्राएं शामिल हैं। विद्यालय के प्रवेश रजिस्टर में प्रवेशांक संख्या 2252 पर प्रियांशु पुत्र परमेश्वर चौहान, प्रवेशांक संख्या 2296 पर साहिल बाबू पुत्र नसीम, 2291 पर समीर पुत्र नसीम, 2238 पर कुमारी देवी पुत्री बेचू, 2246 पर कुमारी खुशी पुत्री अजीत, 2307 पर हरिओम पुत्र परमेश्वर बिंद, 2243 पर आदर्श राज पुत्र रविचंद्र, 2253 पर इरफान पुत्र मुनौव्वर सहित कई अन्य छात्र-छात्राओं का नामांकन किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन बच्चों का नामांकन अन्यत्र निजी व परिषदीय विद्यालयों में है और वे वहां पर अध्ययनरत भी हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ऐसा कर यहां वर्षों से मिड डे मील, ड्रेस, स्वेटर सहित अन्य सरकारी योजनाओं का गलत ढंग से लाभ लिया जा रहा है। वहीं फर्जी ढंग से विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं के परिजनों को इसकी जानकारी ही नहीं है। बरहनी बीईओ राकेश सिंह का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।