नियमताबाद (चंदौली)। अलीनगर थाना अंतर्गत कटरिया गांव के समीप औद्योगिक नगर के फेज वन के रोड नंबर सात पर शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार स्क्रैब व्यवसायी की मौत हो गई। वह वाराणसी के गढ़वाघाट से स्क्रैब खरीदने के लिए धर्मकांटा की खोज में औद्योगिक नगर में आया था। वह हेलमेट नहीं पहना था। घटना के बाद उसके दो साथी और ट्रैक्टर चालक भी मौके से फरार हो गए। मृतक सीतापुर जनपद के लेखरियापुर निवासी था।
स्क्रैब व्यवसायी सईद अहमद (38) वाराणसी के गढ़वाघाट में किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार को उसने गढ़वाघाट से बड़े पैमाने पर स्क्रैब की खरीदारी की। इसके बाद स्क्रैब का वजन कराने के लिए धर्मकांटा की तलाश में औद्योगिक नगर पहुंच गया। धर्मकांटा से वह अपने दो मित्रों के साथ बाइक पर सवार होकर वापस वाराणसी जा रहा था। इसी बीच उसकी बाइक किसी राहगीर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर वह बगल से गुजर रहे ट्रैक्टर ट्राली के नीचे आ गया। ट्रैक्टर ट्राली से कुचल कर सईद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक वहां से भाग गए। वहीं, ट्रैक्टर चालक भी ट्रैक्टर खड़ा कर फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ बाइक व ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने आई। यहां मृतक के परिवार वालों को सूचित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने कहा कि परिवार वालों को सूचित किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।