कन्दवा। बरहनी विकासखंड क्षेत्र के रेवसां गांव को सैयदराजा-जमानियां मार्ग से जोड़ने वाली एक किलोमीटर लंबी सड़क में गड्ढो के भरे नहीं जाने ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह हाल तब है जब ग्रामीण अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक कई बार गुहार लगा चुके हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मार्ग के मरम्मत की मांग की है। प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी बरहनी विकासखंड क्षेत्र के रेवसा गांव को सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाला एक किलोमीटर लंबा सम्पर्क मार्ग आज तक गड्ढा मुक्त नहीं हो पाया है । मार्ग की उखड़ी गिट्टियों और गड्ढों के चलते ग्रामीणों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मार्ग के मरम्मत के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी कई बार गुहार लगाई, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य नहीं शुरू हो सका। इससे लोग गिरकर चोटिल भी हो जा रहे हैं। गांव के गौतम सिंह, बबिता सिंह, पमपम राय, गनपत राय, विनोद सिंह, कृपा शंकर राय, प्रमिला बिंद, कंचन बिन्द, मंगरु बिन्द, का कहना है रहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद भी जिले में सड़कों की स्थिति बदहाल है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क निर्माण की मांग की है।