मुग़लसराय। ट्रेन में यात्रा के दौरान या रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी हो तो वे निशुल्क 182 नंबर पर डायल करें। आरपीएफ महिलाओं की सुरक्षा करेगी। ये बातें वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने मंगलवार को नगर के यूरोपियन कालोनी स्थित रामकृष्ण बालिका इंटर कालेज में आयोजित सुरक्षा गोष्ठी में छात्राओं को समझाई। इस दौरान छात्राओं को कमांडेंट ने अनेक सुरक्षा के टिप्स दिए।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री सुरक्षा अभियान पखवारा चल रहा है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल की ओर से बालिका विद्यालयों में भी छात्राओं को महिला सुरक्षा के बारे में जानकारी देने के लिए गोष्ठियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में रामकृष्ण बालिका इंटर कालेज में आयोजित गोष्ठी में कमांडेंट ने कहा कि आरपीएफ यात्रियों की सुरक्षा में तत्पर है। रेलवे ने विशेष कर महिला सुरक्षा के मद्देनजर 182 नंबर लागू की है। यह न सिर्फ महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करती है बल्कि हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराती है। कहा कि यदि स्टेशन पर महिलाओं के आस पास मनचले घूम रहे हैं तो किसी भी आरपीएफ को आवाज दें, मनचले भाग जाएंगे। इसी तरह यात्रा के दौरान तबियत खराब हो जाए तो 182 पर डायल करें। अगले स्टेशन पर दवा उपलब्ध हो जाएगी। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को स्वयं भी मजबूत होने का आह्वान किया। आरपीएफ मुगलसराय पोस्ट प्रभारी वीएन मिश्र और आरआर सहाय ने भी सुरक्षा टिप्स दिए। इस दौरान चलती ट्रेन में सेल्फी न लेने, स्टेशन को साफ सुथरा रखने में सहायता करने की भी अपील की गई। इस दौरान जीआरपी के निशुल्क हेल्प लाइन 1512 और चाइल्ड लाइन हेल्प लाइन 1098 का भी प्रचार किया। इस दौरान एएसआई जेके सिंह, दिनेश चौधरी,आरके चंद, सावित्री फागड़िया, सुमन यादव, मीना, संतोष सिंह मौजूद रहे।