चंदौली। पोलियो के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार की सुबह स्कूली बच्चों ने मुख्यालय पर जागरूकता रैली निकाली। सीएमओ कार्यालय से निकली रैली को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीके मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय के छात्रों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने नगर का भ्रमण करते हुए लोगों से 28 जनवरी को पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का आह्वान किया।
इसके पूर्व रैली को संबोधित करते हुए सीएमओ ने कहा कि 28 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान के तहत जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इस दौरान प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनेगा वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार का वितरण भी किया जाएगा। कहा कि बच्चों को बूथों तक लाने के लिए आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ग्राम विकास अधिकारी और अध्यापकों की जिम्मेदारी तय की गई है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीके सिंह ने कहा कि हमारा देश पोलियो मुक्त देश की श्रेणी में शामिल हो चुका है। लेकिन इसके बावजूद बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। इस अवसर पर डा. बीबी सिंह, डा. डीएन मिश्रा, डा. एसबी सिंह, प्रमोद पांडेय, मनीष कुमार आदि रहे।