चंदौली। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले भर के सभी स्वास्थ्य केंद्रों का अधिकारियों ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण में सौ से अधिक डाक्टर और कर्मचारी अस्पताल से अनुपस्थित मिले। यहीनहीं अस्पताल में आवश्यक दवाइयां भी नहीं मिली। मुख्य विकास अधिकारी अनिरुद्ध सिंह ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में 50 से अधिक चिकित्सक और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को आख्या भेज दी।
मुख्य विकास अधिकारी अनिरुद्ध सिंह सुबह साढ़े आठ बजे जिला चिकित्सालय पहुंचे उस दौरान अधिकांश चिकित्सक और कर्मचारी चिकित्सालय नहीं पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान 18 नियमित और 3 संविदा चिकित्सक अनुपस्थित मिले वहीं चीफ फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स भी चिकित्सालय से गायब रहे। साथ ही 32 संविदा कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने खुद उपस्थिति पंजिका में गायब चिकित्साधिकारी और कर्मचारियों को अनुपस्थिति दर्ज की।
एडीएम ने जिला संयुक्त चिकित्सालय व शहाबगंज पीएचसी का किया निरीक्षण
चकिया। एडीएम विजय शंकर दुबे ने सुबह आठ बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सीएमएस और तीन डाक्टर अनुपस्थित रहे। इस पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई के लिए रिर्पोट भेजा। वहीं वार्ड निरीक्षण के दौरान मरीजों द्वारा चादर न बदलने की शिकायत मिलने प वार्ड प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने पास में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। शहाबगंज संवाददाता के अनुसार एसडीएम जेएल सरोज ने पीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में डॉ. रजनीश कुमार व महिला स्वास्थ्यकर्मी कृष्णावती देवी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डा.जीपि सिंह, डा.संजय कुमार, एचईओ अमर सिंह, आशा यादव, प्रियंका, सुनीता पटेल, हरिद्वार प्रसाद आदि रहे।