शहाबगंज। ब्लाक प्रमुख उपचुनाव रविवार को गहमा गहमी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिसमें शशि उपाध्याय निर्वाचित घोषित की गई। शशि उपाध्याय को 47 और सरोज सिंह को 28 मत मिले। डीएम हेमंत कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने शशि उपाध्याय को प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान ब्लाक मुख्यालय पर दोनों पक्षों के समर्थकों के अलावा भारी पुलिस बल तैनात रही।
रविवार को ब्लाक सभागार में सुबह 11 बजे मतदान शुरू हुआ। गेट पर ही कड़ी सुरक्षा जांच के बाद बीडीसी मतदान स्थल पर जा रहे थे। मतदान शुरू होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य लाइन में लग गए। दोपहर एक बजे तक सभी 75 सदस्यों ने मतदान किया। मतदान के बाद बैलट बाक्स को सील कर दिया गया। ातीन बजे मतगणना दोनों प्रत्याशी शशि उपाध्याय व सरोज सिंह के सामने शुरू हुई। मतगणना के बीच दोनों पक्षों के समर्थकों में जीत हार को लेकर कयासबाजी चलती रही। एक घंटे तक चली मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम घोषित किया। जिसमें शशि उपाध्याय को ब्लाक प्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। शशि उपाध्याय को 47 मत और सरोज सिंह को 28 मत प्राप्त हुए। ब्लाक परिसर के बाहर दोनों पक्षों के समर्थक परिणाम का इंतजार कर रहे थे। शशि उपाध्याय के पक्ष में जीत की घोषणा होने के साथ ही उनके समर्थक खुशी से झूम उठे। शशि उपाध्याय ने सरोज सिंह को 19 मतों से पराजित कर पुरानी हार का बदला चुकता किया। चुनाव बाद पहुंचे जिलाधिकारी हेमंत कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने शशि उपाध्याय को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह, जोनल मजिस्ट्रेट जियालाल सरोज, बीडीओ धर्मजीत सिंह मौजूद रहे।