चहनिया। स्थानीय विकास खंड के कैथी गांव में पिछले 25 दिन से पेयजल की आपूर्ति ठप है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को गांव के बाहर स्थित जल निगम की टंकी पर तैनात संविदा कर्मियों को बंधक बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि बार बार तकनीकी फाल्ट बताकर पेयजल की आपूर्ति ठप कर दी जा रही है। जिससे दिक्कत हो रही है।
क्षेत्र के कैथी स्थित जल निगम की टंकी से कैथी, बलुआ, सराय, मटियरा, महुअर सहित कई गांवों को पेयजल की आपूर्ति सप्लाई की जाती है। पिछले 25 दिन से पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से करने के बाद भी पेयजल की आपूर्ति बहाल नहीं किया गया। रविवार को दोपहर में बारह बजे के करीब नाराज ग्रामीणों ने जल निगम की टंकी पर तैनात संविदा कर्मी को बंधक बनाकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दिनों मोटर जल जाने के बाद विभाग के कर्मचारियों द्वारा मोटर बदलने के नाम पर जली हुई मोटर लगा कर चले गए। इससे पेयजल की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों के लापरवाही के कारण जल निगम टंकी पर दुर्व्यवस्थाओं का बोल बाला है और पेयजल की पाइप कई जगह क्षतिग्रस्त हो चूकी है। काफी देर बाद संविदा कर्मियों को ग्रामीणों ने हिदायत देकर छोड़ दिया । इस दौरान राजेश सिंह, ओमकार सिंह, लक्ष्मण सिंह, कैलाश यादव, ज्ञानधर तिवारी, चंदन सिंह, विनय सिंह, धनंजय यादव, रोशन सिंह, प्रमोद खरवार, शिवा यादव, गोलू सिंह आदि मौजूद रहे।