सकलडीहा। क्षेत्र के सरकारी राजस्व के बड़े बकाएदारों के यहां रविवार को एसडीएम के नेतृत्व में अभियान चलाकर 40 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई।। अभियान में विभागीय अधिकारियों सहित अमीन शामिल रहे। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल की सख्ती के बाद रविवार को छुट्टी होने के बावजूद वसूली अभियान चलाया गया।
डीएम ने बीते शुक्रवार को तहसील का मुआयना के दौरान राजस्व वसूली कम होने पर अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई थी। इसके बाद रविवार को बरह परगना में 1572 रुपये मुख्य देय और विविध देय में 15 लाख 89 हजार 128 रुपये, बढ़वल परगना में 11 हजार 491 मुख्यदेय और 17 लाख 65 हजार 763 रुपये विविध देय, महाईच परगना में तीन हजार 694 मुख्यदेय और 43 हजार 424 विविध देय व महुआरी परगना में चार हजार 272 मुख्यदेय और छह लाख 757 विविध देय में वसूला गया। क्षेत्र के 35 अमीनों ने वसूला गया धन सरकारी कोष में जमा कराया। एसडीएम राम सजीवन मौर्य ने बताया कि कुल 40 लाख 20 हजार 105 रुपये अमीनों ने वसूले हैं। शीघ्र ही तहसील के बड़े बकाएदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाया जाएगा। अभियान में तहसीलदार नुपूर सिंह, नायब तहसीलदार बृजेश सिंह, रोहित सिंह, बिहारी यादव, सुभाष पांडेय, उमाशंकर सिंह, तेरसू राम, छेदीलाल, वसीम खां शामिल रहे।