कंदवा। अमड़ा ग्रामसभा के हरिपुर गांव में अपूर्ण शौचालयों को पूर्ण कराने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने गांव में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेताया कि यदि जल्द शौचालयों का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया तो वे सड़क पर उतर कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में वर्ष 2017-18 में 40 शौचालय बनवाने के लिए धन आवंटित किया गया था। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के खाते में पैसा न भेजकर खुद शौचालयों का निर्माण शुरू कराया लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सभी शौचालय अधूरे पड़े हुए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शौचालय के बाहर रंगरोगन कराकर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ने इज्जत घर का पैसा हजम कर लिया है। चेताया कि यदि शौचालय का निर्माण जल्द पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं, ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार का कहना है कि शौचालयों पर केवल पटिया रखना बाकी है, जिसे चार दिनों में पूरा कर दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में चिंता, पिंकी, अफसाना, पार्वती, कमलावती, सुखिया, मंशा, अमित, रामेश्वर, मनोज, पूजन, श्याम नारायण, रामाधार शामिल रहे। बरहनी के खंड विकास अधिकारी विजय सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है, इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।