सकलडीहा। विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरैना में तैनात अनुदेशिका सोमवार को विद्यालय देर से पहुंची। इस पर प्रभारी सहायक अध्यापक ने जब देर से आने का कारण पूछा तो वे उपस्थिति पंजीकरण पुस्तिका ही उठा कर चली गईं। मामले की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से किए जाने पर उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। अनुदेशिका प्रीति सोमवार को देरी से विद्यालय पहुंची और उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने लगीं। प्रभारी सहायक अध्यापक ने जब देर से आने की वजह पूछी तो वह उपस्थिति पंजीकारण पुस्तिका लेकर घर चली गई। विद्यालय में खींचतान का मौहाल होने की वजह से प्रभारी सहायक अध्यापक दिनेश रस्तोगी ने खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र बहादुर से इसकी शिकायत की। कहा कि विद्यालय पर तैनात अनुदेशिका लगातार मनमानी करती रही है। विरोध करने पर धमकी भी दिलवाती है। बीईओ ने बताया है कि अनुदेशिका के खिलाफ शिकायत मिली है। मामले की विभागीय जांच करवा कार्रवाई की जाएगी।