पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत जलीलपुर चौकी क्षेत्र के कटेसर गांव के समीप शनिवार की देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक की जोरदार भिडंत हो गई। घटना में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को गंभीर अवस्था में रामनगर स्थित लालबहादुर शास्त्री चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। धुंध और कोहरे के कारण तेज रफ्तार बाइक जा भिड़ी। चालक हेलमेट नहीं लगाया था।
आजमगढ़ जिले के जमालपुर निवासी मंगलपाल यादव (45) बाइक से अपने मित्र अशोक कुमार यादव के साथ रामनगर अपनी बहन के घर तेरहवीं में जा रहे थे। शनिवार की रात करीब 12 बजे पड़ाव से रामनगर जाते समय कटेसर के पास कोहरे और धुंध के कारण बाइक सड़क किनारे ट्रक में टकरा गई। बाइक की ट्रक से जोरदार भिडंत होने के कारण दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक और ट्रक के भिडंत की आवाज से वहां ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए रामनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान मंगल पाल यादव की मौत हो गई। वही डॉक्टरों ने दूसरे घायल अशोक की हालत चिंताजनक बताई है। घटना की जानकारी परिवार वालों ने पुलिस को नहीं दी है।