चन्दौली।परियोजना निदेशक सुशील कुमार ने शुक्रवार को चकिया ब्लाक के गरला गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास के 12 लाभार्थियों के आवास अधूरे पाए गए। लाभार्थियों के आवासों की छत नहीं पड़ी थी। वहीं प्लास्टर सहित अन्य कार्य शेष थे। इस पर पीडी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर लाभार्थियों का कार्रवाई की चेतावनी दी।
वर्ष 2016-17 में गरला गांव के 12 पात्रों का प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया गया था। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में आवास की तीनों किश्त के रूप में एक लाख 30 हजार रुपये धनराशि भेज दी गई। इस प्रकार कुल 15 लाख 60 हजार रुपये 12 लाभार्थियों के खाते में भेजे गए थे। लेकिन आज तक लाभार्थियों के आवास का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया। एक आवास नीव स्तर तक ही मिला। वहीं पांच आवासों की छत नहीं पड़ी थी। साथ ही छह लाभार्थियों के आवासों का प्लास्टर, खिड़की, दरवाजा आदि का काम पूरा नहीं हुआ था। इस पर पीडी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लाभार्थियों को शीघ्र आवासों का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी। परियोजना निदेशक ने बताया कि निरीक्षण में आवास अधूरे पाए गए हैं। इसमें लाभार्थियों के साथ ही ग्राम पंचायत सचिव की लापरवाही सामने आई है। सचिव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।