चंदौली। जिला अस्पताल स्थित एमसीएच विंग मातृत्व शिशु अस्पताल में सोमवार को क्षेत्र के बरठा गांव के लोगों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि अस्पताल में तैनात चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की लापरवाही से 17 अक्तूबर को नवजात की हालत खराब होने के बाद उसे बीएचयू रेफर किया गया। इस दौरान उसकी वहां मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद सोमवार को परिजन अस्पताल पहुंचकर अस्पताल कर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
क्षेत्र के बरठा पूरवा निवासी अंकित सिंह ने आरोप लगाया कि 17 अक्तूबर को एमसीएच विंग में उनकी पत्नी पूजा सिंह का ऑपरेशन से बच्चा पैदा हुआ था। लेकिन इस दौरान नवजात की हालत काफी खराब हो गई। दो दिन बाद नवजात को बीएचयू रेफर किया। जहां दो नवंबर को इलाज के दौरान शिशु की मौत हो गई। इससे नाराज लोग सोमवार को अस्पताल पहुंच गए और संबंधित चिकित्सकों और स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सीएमएस से मांग कर रहे थे। सीएमए केसी सिंह ने आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी तब जाकर लोग माने। इस दौरान गोपाल सिंह, अरिकेश बहादुर सिंह, प्रिंस सिंह आदि मौजूद थे।