सकलडीहा। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में हो रही अनियमित बिजली आपूर्ति से आक्रोशित ग्रामीणों में नाराजगी है। चेताया है कि बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि उपकेंद्र से सकलडीहा दक्षिणी, नोनार, कमालपुर व चहनिया फीडर से जुड़े सैकड़ों गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। इनमें सबसे ज्यादा गांव सकलडीहा दक्षिणी फीडर से जुड़े हैं। इस फीडर से जुड़े गांवों के ग्रामीणों को सही तरीके से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं नागनपुर गांव में पिछले तीन दिनों से लोग बिजली की समस्या झेल रहे हैं। ग्रामीण बिजली संबंधी समस्याओं से विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई को अवगत करा चुके हैं। बावजूद इसके किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने व्यवस्था में सुधार नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बिजली विभाग के जेई मनोज पटेल ने बताया कि शिकायतों को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।