पीडीडीयू नगर। लगातार बारिश से ग्रामीण इलाकों में परेशानी होने लगी है। गुरुवार को चकिया कोतवाली के बोदलपुर गांव के दलित बस्ती में मिट्टी की दीवार गिरने से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। इसी तरह धानापुर के प्रसहटा गांव के समीप सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। वहीं बिजली का तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कंदवा थाना के रामपुर गांव में दीवार गिरने से तेज बहादुर यादव के घर का सामान नष्ट हो गया।
शिकारगंज संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बोदलपुर दलित बस्ती में गुरुवार को दोपहर में बरसात के चलते पड़ोसी की मिट्टी की कच्ची दीवार ढह जाने से उसमें दबकर शिवम (06) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना पर एसडीएम और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। गुरुवार की दोपहर में शिवम अपने घर के आंगन में खेल रहा था, उसी दौरान पड़ोसी संतूराम की मिट्टी की कच्ची दिवार भरभरा कर गिर गई। इसमें दबकर शिवम की मौत हो गई। शिवम के पिता गुलाब गुजरात में मजदूरी करते हैं।
धानापुर संवाददाता के अनुसार प्रसहटा गांव के पास दीया मार्ग पर गुरुवार को दोपहर बाद ढाई बजे लगातार हो रही बारिश के कारण नीम का पेड़ गिर गया है। इससे यहां आवागमन ठप हो गया है। वहीं लगभग 500 मीटर की विद्युत लाइन दो पोल के साथ टूट गई है। वहीं ग्राम प्रधान सुरेश यादव की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी बिजली आपूर्ति न होने से हो रही है।
कंदवा संवाददाता के अनुसार बरहनी विकास खंड के रामपुर गांव में गुरुवार की शाम बारिश से बृजनाथ सिंह के पुराने जर्जर मकान की दीवार पड़ोसी तेज बहादुर यादव के रिहायशी घर और सीमेंट शेड पर गिर गई। इससे सीमेंट शेड में बंधी दो गाएं और घर में रखा अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। इस घटना से तेजबहादुर का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। समाजसेवी महेश्वर सिंह ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो को दी है।
रामपुर गांव निवासी बृजनाथ सिंह का मिट्टी का पुराना जर्जर मकान तेजबहादुर यादव के घर के सामने है। जर्जर होने के कारण उस घर में कोई नहीं रहता। गुरुवार की शाम जर्जर पुराने मिट्टी के घर की दीवार अचानक तेजबहादुर यादव के घर व सीमेंट शेड पबर गिर गई। इससे सीमेंट शेड में बंधी दो गाएं मिट्टी के मलवे में दब गई और घर गृहस्थी का सारा समान नष्ट हो गया । घटना के बाद तेजबहादुर के परिवार के सामने विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। संयोग अच्छा था कि कोई दुखद घटना नहीं हुई। ग्राम प्रधान सुनीता सिंह और समाजसेवी महेश्वर सिंह ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।