चंदौली। तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज बसारिकपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को उपखंड कार्यालय पहुंच जेई का घेराव किया। आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते गांव में बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। जिससे लोगों को पेयजल और धान की नर्सरी की सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इसके बाद ग्रामीणों ने वितरण खंड कार्यालय पहुंच एक्सईएन एके शुक्ला से बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। ग्रामीणों की नाराजगी को देख एक्सईएन ने जेई धनश्याम गोंड को जमकर फटकार लगाई और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया।
स्थानीय उपकेंद्र से बसनी फीडर को बिजली आपूर्ति किया जाता है। जिससे बसारिकपुर गांव में भी बिजली आपूर्ति होती है। लेकिन बुधवार को बिछिया के पास जंफर खराब होने के चलते बिजली कर्मियों ने बसारिकपुर गांव को जाने वाला तार मेन लाइन से हटा दिया था। जिससे बसारिकपुर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लेकिन तीन दिन बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु रुप से चालू नहीं होने पर ग्रामीण शनिवार को उपकेंद्र पर पहुंच जेई घनश्याम गोंड का घेराव किया और नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों के तेवर देख जेई ने भी चुप्पी साध ली। इसके बाद ग्रामीण विद्युत वितरण कार्यालय पहुंच एक्सईएन एके शुक्ला को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद एक्सईएन ने जेई को जमकर फटकार लगाई और लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने तत्काल बसारिकपुर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। इस दौरान संजय, आकाश यादव, प्रमोद सोनकर, प्रदीप कुमार, जगदीश यादव मौजूद रहे।