चंदौली। सकलडीहा विकास खंड के कंवलपुरा गांव की महिलाओं ने ग्राम प्रधान पर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। शासन-प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और एडीएम बच्चालाल को पत्रक सौंपकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि गांव स्थित तालाब, खलिहान, नवीन परती, कन्या पाठशाला की भूमि पर ग्राम प्रधान व उनके करीबी लोगों का कब्जा है। वहीं गरीबों को बसने के लिए गांव में चिह्नित आबादी की भूमि पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि का कब्जा है। आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन से शिकायत करने अथवा अवैध कब्जे का विरोध करने पर ग्राम प्रधान की ओर से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने की धमकी दी जाती है। पेंशन व आवास योजना के लिए पात्रों की सूची से नाम कटवाने की बात कही जाती है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि की नापी करवाकर अवैध अतिक्रमण हटवाने की मांग की। कहा कि गांव में राजस्वकर्मियों की टीम भेजकर नापी कराई जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर अमल नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर निशा देवी, बसंती देवी, पूनम, चमेली, कंचन, सुरसत्ती, चमेली, कमला आदि रहीं।