पड़ाव। नियामताबाद विकास खंड अंतर्गत रतनपुर गांव की तरफ जाने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हो गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। इसकी शिकायत के बाद भी सड़क की मरम्मत न होने से नाराज होकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
रतनपुर ग्राम सभा के चौरहट, डोमरी, सेमरा और भोजपुर गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की लंबाई 12 सौ मीटर है। पिछले कई वर्षों से सड़क खराब है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत की, धरना प्रदर्शन और पुतला दहन भी किया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस मार्ग पर न ईट बिछाई गई न ही दोनों किनारों पर नाली की समुचित व्यवस्था है। इस मार्ग को बनवाने के लिए कई बार ग्रामीणों क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों और अधिकारियो तक हस्ताक्षर युक्त पत्रक भी दे चुके हैं। सोमवार को दोपहर में 12 बजे कुछ ग्रामीण कीचड़ में फंस गए। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने प्रधान व जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन करने वालों में संजय कुमार, रजत कुमार, भगवान दास, रामबली, चंचल, अनिल, छोटेलाल, रूपनाथ, लालबरत, शिवबदन, विशाल, भरतलाल, सिनोद, किशन, पप्पू, झम्मल देवी, देवा, विश्वनाथ, रूपनाथ आदि उपस्थित रहे।
चहनियां (ब्यूरो)। स्थानीय बाजार से सटे विशुनपुरवा वाया रानेपुर मार्ग चार वर्षों से पूरी तरह जर्जर है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। सोमवार को एक निजी स्कूल के छात्रों ने सड़क पर खड़े होकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि इस मार्ग पर कई स्कूल हैं। इस वजह से इस रास्ते पर स्कूली छात्रों का आवागमन होता है। कई बार लोगों ने सड़क मरम्मत की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।