मुगलसराय। साहुपुरी विद्युत उपकेंद्र में आई तकनीकी खराबी की वजह से पूरे जिले में दोपहर तीन बजे से बिजली आपूर्ति गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी हुई । जीवितपुत्रिका होने की वजह से निराजल व्रती महिलाओं को सर्वाधिक दिक्कत हुई। रात साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति शुरु हुई लेकिन दस मिनटमें ही फिर से कट गई।
प्रदेश में भाजपा की सरकार गठित होने के बाद से ही मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालयों को 24 घंटे और तहसील मुख्यालय पर 22 घंटे बिजली देने की घोषणा की थी। शहरी इलाके में भी चौबीस घंटे बिजली मिल रही थी लेकिन पिछले कुछ दिनों से किसी न किसी कारण से अपात कटौती हो रही है। बुधवार को भी साहुपुरी में तकनीकी खराबी की वजह से दोपहर तीन बजे से मुगलसराय नगर, चंदौली, चकिया सहित पूरे जिले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर तीन बजे हल्की फूल्की बारिश भी हुई लेकिन इससे उमस और बढ़ गई। बिजली कटने की वजह से कुछ घंटे तो इन्वर्टर आदि चले लेकिन उसके बाद वे भी जवाब दे दिए।
पडाव संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के जलीलपुर, मडिया, बहादुरपुर, चौरहट, भोजपुर, रतनपुर, सेमरा, डांडी, डोमरी सहित पूरे इलाके में शाम तीन बजे से बिजली कटौती से लोगों को परेशानी हुई। साहुपुरी उपकेंद्र के जेई मनोज कश्यप ने बताया कि साहुपूरी पावर हाउस में आई तकनीकी खराबी की वजह से दिक्कत हुई है। चकिया संवाददाता के अनुसार स्थानीय 33/11 केवी ग्रामीण तथा नगर विद्युत उपकेंद्र से बुधवार की शाम 3 बजे बिजली आपूर्ति बंद होने से जीवित्पुत्रिका व्रती महिलाओं को उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। विभागीय सूत्रों की माने तो स्थानीय 1 लाख 32 हजार विद्युत उपकेन्द्र की सप्लाई ठप होने से समस्या उत्पन्न हुई। ग्रामीण उपकेंद्र से सैदूपुर, मूसाखाड़ तथा उतरौत फीडर के सैकड़ों गांवों तथा तहसील उपकेन्द्र से नगर की बिजली गुल रही। इस संबंध में विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय के एक्सईएन धर्मेश कुमार लाल ने बताया कि साहुपुरी में फाल्ट की वजह से दिक्कत हुई। उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।