बदलापुर। बदलापुर महोत्सव की तिथि नजदीक आते देख तैयारियां तेज हो गई हैं। बदलापुर से भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज का बुधवार को निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, लाइट, गैलरी, अतिथि गृह, विवाह स्थल आदि के बारे में कार्यकर्ताओं व एसडीएम योगिता सिंह के साथ चर्चा की।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन एक से तीन नवंबर तक होना है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पहले दिन 1100 जोड़े मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सात फेरे लेकर शादी करेंगे। वर वधू को आशीर्वाद देने के लिए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। शाम को स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। दूसरे दिन में विधायक खेल स्पर्धा व विभिन्न विभागों की तरफ से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। शाम को कलाकारोंद्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। तीसरे दिन विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह, शनि शुक्ल, मृगेंद्र सिंह, वैभव सिंह, अनिल सिंह मुन्ना आदि मौजूद रहे।