पीडीडीयू नगर। सोमवार को जिले के चार ब्लॉकों में सामूहिक विवाह के आयोजन किए गए। इस दौरान पूरे रीति रिवाज से 108 जोड़े एक-दूजे के हुए। इस मौके पर मौजूद अधिकारियों व अन्य लोगों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके मंगल भविष्य की कामना की। विवाह के बाद नव विवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र व उपहार भेंट किए गए।
चहनिया ब्लॉक मुख्यालय परिसर में सोमवार को 32 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पं. रोशन मिश्रा, पं. रतन पांडेय, पं. रजनीश पांडेय, पं. परमानंद पांडेय ने विवाह संपन्न कराए। मुख्य अतिथि सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने नव विवाहित दंपती को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान ब्लाॅक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, बीडीओ प्रकाश प्रसाद, ग्राम प्रधान सावित्री गुप्ता, एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित आदि मौजूद रहे। नौगढ़ ब्लॉक परिसर में सोमवार 19 जोड़ों की शादी हुई। बीडीओ अमित कुमार, मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह सुड्डू ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। भाजपा के मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि, सुधीर मौर्य, प्रधान पति दीपक गुप्ता रहे। शहाबगंज में 22 जोड़ों की शादी हुई। सामूहिक विवाह समारोह में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, सरिता सिंह, ब्लाॅक प्रमुख गीता देवी व बीडीओ दिनेश सिंह ने नवविवाहित जोड़ों आशीर्वाद व उपहार प्रदान किया। बीडीओ दिनेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नव दपंती को सरकार की तरफ से 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। सकलडीहा ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह, पार्टी नेता सूर्यमुनी तिवारी और ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह की मौजूदगी में हुए सामूहिक विवाह में 35 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री हर वर्ग की चिंता करते है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीबों को कर्जदार बनने से बचा रहा है। इस दौरान एडीओ पंचायत बजंरगी पांडेय, एडीओ उद्योग व व्यापार हवलदार यादव के अलावा पवन दूबे, शशिकांत, अरविंद गौतम, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जेपी चौहान, अश्वनी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।