पीडीडीयू नगर (चंदौली)। जिले में भीषण गर्मी में आसमान से अंगारे बरसे वहीं गेहूं के खेतों में आग ने कहर बरपाया। अलग अलग स्थानों पर आग लगने से साठ बीघा से अधिक में लगी गेहूं की फसल जल गई। कमालपुर कस्बा के जीयनपुर सिवान में आग से करीब पचास बीघा गेहूं की फसल जल गई। वहीं बबुरी, सकलडीहा इलाके में भी आग से दस बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल गई।
कमालपुर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के जियनपुर के सिवान में अज्ञात कारणों से लगी आग से पचास से अधिक बीघा गेहूं की फसल जल गई। जीयनपुर निवासी हरिद्वार के गेहूं के खेत में शुक्रवार को दोपहर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। दोपहर के समय अधिकतर लोग घरों में थे। इससे आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और धीरे धीरे मड़ैया, हेतमपुर के ताल तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से लाठी डंडे के सहारे पीट पीट कर आग पर काबू पाया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन तब तक तीनों गांवों के एक दर्जन से अधिक किसानों के खेत जल गए। आग से पारस राम का 15 बिस्वा, शोभनाथ का 18 बिस्वा, श्यामनारायण का डेढ़ बीघा, गंगा विश्वकर्मा का एक बीघा, बहादुर सिंह का दो बीघा, अंबिका सिंह का दो बीघा, रामप्रसाद का एक बीघा, बनारसी सिंह का दस बिस्वा, रामविलास का तीन बीघा, भोला का दस बिस्वा, शंकर का दस बिस्वा, रामाज्ञा का डेढ़ बीघा, बाबूलाल का दो बीघा, धर्मदेव का डेढ़ बीघा, चंद्रदेव का ढाई बीघा, रमाशंकर का डेढ़ बीघा, मेवा का ढाई बीघा, बब्बन सिंह का दस बिस्वा, शिवधारी का दो बीघा, घुरहू का दो बीघा, राधेश्याम का ढाई बीघा, चंद्रमा का दस बिस्वा, दौलता देवी का डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जल गई। हेतमपुर हल्का लेखपाल मौके पर पहुंच कर आग से हुई क्षति का आंकलन किया।बबुरी संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बनौली गांव में रामसखी बियार के खेत में शुक्रवार को दोपहर में अवांछनीय तत्वों ने आग लगा दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।इस घटना में तीन बीघा गेहूं की फसल जल गई। इसी तरह बसंतपुर गांव में पराली जलाने में सकलडीहा संवाददाता के अनुसार सदर कोतवाली अंतर्गत मधुबन गांव में शुक्रवार की शाम तीन बजे सिवान में आग लगने से दो किसानों का तीन बीघा गेहूं की फसल जल गई। यही नहीं आग से आधा दर्जन रिहायसी मड़ई व गुमटी जल गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम राम सजीवन मौर्य ने पीड़ित परिवार को मुआवजा के साथ 25-25 किलो गेहूं और चावल मुहैया कराया। मधुबन गांव के सिवान में हार्वेस्टर की चिंगारी उड़कर गेहूं के खेेत में चली गई। आग से लाल सिंह की दो बीघा और पिपरी गांव निवासी शिवमूरत की दस बिस्वा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गयी। इसके अलावा फौजदार, रामकिशुन, संतोष, बाल किशुन बनवासी की रिहायसी मंड़ई सहित एक मुर्गा, पांच मुर्गी सहित दस चुजा जल गये। वही विनोद की गुमती सुक्खु और लोरिक की गैरआवासीय मड़ई जल गयी। घटना की सूचना पर पहुंचे एसडीएम रामसंजीवन मौर्य और नायब तहसीलदार बृजेश सिंह पीड़ित परिवार को 25-25 किलो गेहूं और चावल तत्काल मुहैया कराया। इसके अलावा मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया। इस मौके पर लेखपाल गुलाब प्रसाद, अमृता सहित अन्य मौजूद रहे।
चोरमरवा और लहसुनिया के जंगल में लगी आग
नौगढ़। क्षेत्र के चोर मरवा और लहसुनिया के जंगलों में शुक्रवार की दोपहर में लगी आग को वन कर्मियों ने समय रहते घटनास्थल पर पहुंचकर बुझा लिया। नियंत्रण के बाद इसकी जानकारी प्रभागीय वन अधिकारी रामनगर मनोज खरे को दी।
काशी वन जीव प्रभाग रामनगर के तहत जय मोहनी रेंज के कंपार्टमेंट नंबर अमदहा 12 और 15 के ददरी पहाड़ी और लहसुनिया बीट के जंगलों में शुक्रवार को दोपहर में किसी तरह आग लग गई। आग तेजी से फैल रही थी। इस बीच राहगीरों की नजर पड़ गई और इसकी सूचना वन क्षेत्राधिकारी को दी। सूचना पाकर डिप्टी रेंजर इमरान खान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर फायर लाइन बनाते हुए डंडों से पीट-पीटकर आग को बुझा दिया। आग बुझाने वाली टीम में सेक्शन प्रभारी राम चरित्र, बीट प्रभारी निर्भय सिंह, श्रीकांत गुप्ता, आदित्य सिंह, वाचर बल्ली, हसन रहे।
चलती कार में आग लगने से मचा हड़कंप
सकलडीहा। पीडीडीयू नगर से चहनियां की जा रही कार शुक्रवार की शाम तीन बजे मनिहरा के समीप धूं धूं कर जलने लगी। वाहन में बैठे लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस की सूझ बूझ से आग पर काबू होने पर राहगीर और सवारी वाहन पर बैठे लोगों ने राहत महसूस किया।
वाहन स्वामी विमला देवी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पीडीडीयू नगर से चहनियां की ओर जा रही थी। मनिहरा गांव के समीप वाहन के पीछे से धूंआ निकलता देख अन्य लोगों ने चालक को इशारा किया। चालक ने जब तक कार रोकता तब तक आग तेज हो गई। चालक ने किसी तरह वाहन में बैठे लोगों को बाहर निकाला। वाहन के जलने से सकलडीहा चहनियां मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस पानी लेकर जा रही टैंकर को रोक कर आग बुझाई।