सकलडीहा। विकासखंड के टिमिलपुर गांव में बिना कनेक्शन दिए ही बिजली विभाग द्वारा बिल भेज दिए जाने से भड़के ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। चेताया कि अगर विभाग ऐसी लापरवाही से बाज नहीं आया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
गांव में शुक्रवार को बिजली बिल ले कर पहचे बिजली कर्मचारी से पूछताछ करने पर बिजली कर्मचारी वहां से निकल लिए। वहीं ग्रामीण भारी-भरकम बिजली का बिल देखकर आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि अभी खंभे पर तार व मीटर लगाने के बाद कनेक्शन भी नहीं दिया गया है और विभाग बिल भेजने लगा है। ग्रामीणों ने बिल की जांच करा कर सही कराए जाने की मांग की है। मामले में जेई मनोज पटेल ने बताया कि अगर गलत बिल भेजा गया है तो उनको ठीक कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में किरन, प्रमिला, प्रमिला चौहान, रामजी चौहान, रमेश कुमार, कलावती, सोनी, राममूरत सिंह चौहान शामिल रहे।